पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के "लक्ष्यभेद पब्लिकेशंस" से प्रकाशित होने वाली सर्वप्रथम हिन्दी डिजिटल फॉर्मेट की पत्रिका "लक्ष्यभेद हिंदी ई-पत्रिका" के वेब पोर्टल पर आपका स्वागत है। आज आपके सामने प्रस्तुत है रचनाकार डॉ. त्रिलोकी सिंह की एक कविता जिसका शीर्षक है “वीर सिपाही तुम्हें प्रणाम":
प्राणों की परवाह किए बिन,
सीमाओं पर लड़ने वाले,
वीर सिपाही तुम्हें प्रणाम ।
मातृभूमि की रक्षा का प्रण,
लेकर तुम आगे बढ़ते ।
अरि-दल को पछाड़ देते हो,
साहस से लड़ते-लड़ते।।
शत्रु भले ही बलशाली हो,
उसे पराजित करने वाले,
वीर सिपाही तुम्हें प्रणाम । 1 ।
भूख-प्यास निद्रा को तजकर,
अपना फर्ज निभाते तुम।
कर में लिए तिरंगा अरि के,
सीने पर चढ़ जाते तुम।।
अपने अतुलित बल-विक्रम से,
देश सुरक्षित रखने वाले,
वीर सिपाही तुम्हें प्रणाम । 2 ।
पर्व और त्योहार भूलकर,
सदा डटे रहते सीमा पर।
जाड़ा-गर्मी हो या वर्षा,
तुम सब कुछ सहते सीमा पर।।
कैसी भी हो विषम परिस्थिति,
नहीं मौत से डरने वाले,
वीर सिपाही तुम्हें प्रणाम । 3 ।
मातृभूमि के रक्षक हो तुम,
देश सुरक्षित है तुमसे ही।
तुम ही हो स्वदेश के गौरव,
जन-जन रक्षित है तुमसे ही।।
भारत माँ की रक्षा के हित,
हँस-हँस कर मर-मिटने वाले,
वीर सिपाही तुम्हें प्रणाम । 4 ।


0 Comments