Welcome to the Official Web Portal of Lakshyavedh Group of Firms

कविता: वीर सिपाही तुम्हें प्रणाम (डॉ. त्रिलोकी सिंह, हिन्दूपुर, करछना, प्रयागराज, उत्तरप्रदेश)


पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के "लक्ष्यभेद पब्लिकेशंस" से प्रकाशित होने वाली सर्वप्रथम हिन्दी डिजिटल फॉर्मेट की पत्रिका "लक्ष्यभेद हिंदी ई-पत्रिका" के वेब पोर्टल पर आपका स्वागत है। आज आपके सामने प्रस्तुत है रचनाकार डॉ. त्रिलोकी सिंह की एक कविता  जिसका शीर्षक है “वीर सिपाही तुम्हें प्रणाम":

प्राणों की परवाह किए बिन,

सीमाओं पर लड़ने वाले,

वीर सिपाही तुम्हें प्रणाम । 

 

मातृभूमि की रक्षा का प्रण,

  लेकर तुम आगे बढ़ते ।

   अरि-दल को पछाड़ देते हो,

     साहस से लड़ते-लड़ते।।

 

शत्रु भले ही बलशाली हो,

उसे पराजित करने वाले,

वीर सिपाही तुम्हें प्रणाम । 1 ।

 

भूख-प्यास निद्रा को तजकर,

  अपना फर्ज निभाते तुम।

    कर में लिए तिरंगा अरि के,

      सीने पर चढ़ जाते तुम।।

 

अपने अतुलित बल-विक्रम से,

देश सुरक्षित रखने वाले,

वीर सिपाही तुम्हें प्रणाम । 2 ।

 

पर्व और त्योहार भूलकर,

  सदा डटे रहते सीमा पर।

   जाड़ा-गर्मी हो या वर्षा,

     तुम सब कुछ सहते सीमा पर।।

 

कैसी भी हो विषम परिस्थिति,

नहीं मौत से डरने वाले,

वीर सिपाही तुम्हें प्रणाम । 3 ।

 

मातृभूमि के रक्षक हो तुम,

  देश सुरक्षित है तुमसे ही।

    तुम ही हो स्वदेश के गौरव,

      जन-जन रक्षित है तुमसे ही।।

 

भारत माँ की रक्षा के हित,

हँस-हँस कर मर-मिटने वाले,

वीर सिपाही तुम्हें प्रणाम । 4 ।

Post a Comment

0 Comments